- मुनाफे की रकम निकालने का प्रयास किया तो ठगी का हुआ एहसास, लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हो गया हैक
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। निवेश योजना और फेसबुक विज्ञापन के जरिये साइबर ठगों ने 30 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की है। महिला समेत तीन लोगों को साइबर ठगों ने अपने झांसे में लिया। अब पीड़ितों की शिकायत के बाद साइबर थाने की टीम जांच कर रही है। मामले में आरोपियों की गतिविधि के जरिये उनका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 निवासी व ईकॉमर्स कंपनी की पूर्व कर्मचारी को ठगों ने शिकार बनाया। साइबर ठगों ने स्वयं को भी कंपनी का पूर्व कर्मचारी बताया। आरोपियों ने उन्हें क्रिप्टोकरेंसी और निवेश योजनाओं में रकम लगाने की सलाह दी। महिला ने वर्ष 2025 29 से 31 जुलाई के बीच 8.66 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। मुनाफे की रकम निकालने की कोशिश पर उन्हें ठगी का पता चला। ऐसे ही नोएडा सेक्टर-11 निवासी 55 वर्षीय एक कारोबारी ने 28 जून को फेसबुक पर विज्ञापन देखा। विज्ञापन लिंक पर क्लिक करते ही उनका फोन हैक हो गया। उनके क्रेडिट कार्ड से 10.54 लाख रुपये निकल गए। अगले दिन बैंक के मैसेज से उन्हें ठगी की जानकारी मिली। डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया मामलों की जांच की जा रही है।
बुजुर्ग से क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी :
नोएडा सेक्टर-41 में रहने वाले 69 वर्षीय एक बुजुर्ग भी ठगी का शिकार हुए। 13 जुलाई को उन्हें एक बैंक क्रेडिट कार्ड पर इनाम का लालच दिया गया। ठगों ने उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा, लिंक पर क्लिक कर फाइल को उन्होंने डाउनलोड कर दिया। इस प्रक्रिया के दौरान उनके बैंक खाते से 10.54 लाख रुपये ठगों ने निकाल लिए। रकम अलग-अलग खातों और ऑनलाइन भुगतान माध्यमों में ट्रांसफर की गई।