- खाद्य विभाग की टीम ने चलाया दो दिन का विशेष अभियान, सुधार नहीं किया तो रद्द होगा लाइसेंस
- नोएडा के सेक्टर 135 स्थित जेप्टो स्टोर के कोल्ड रूम में मिली गंदगी, स्टोर का संचालन कराया बंद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। खाद्य विभाग की टीम ने ई-कॉमर्स वेयरहाउस व स्टोरों के खिलाफ दो दिन का विशेष अभियान चलाया। जांच के दौरान वेयरहाउस व स्टोरों में साफ-सफाई, अभिलेखों में कमी आदि की खामियां मिली हैं। इस पर विभाग ने 16 वेयरहाउस और स्टोरों को नोटिस जारी किया है। साथ ही तीन जगह से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच को भेजे हैं। सेक्टर 135 नोएडा स्थित जेप्टो स्टोर के कोल्ड रूम में गंदगी मिलने पर संचालन बंद कराया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 सर्वेश मिश्रा ने बताया कि दिवाली के त्योहार को लेकर बाजारों में खरीदारी शुरू हो चुकी है। इस समय उपहारों की खरीदारी ज्यादा हो रही है। इसीलिए शनिवार और रविवार को जिले के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस और स्टोरों की जांच का अभियान चलाया गया। कुल 18 वेयरहाउस व स्टोरों की जांच की। उन्होंने बताया कि ग्रेनो के इकोटेक तीन स्थित बिग बॉस्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस में साफ-सफाई और अभिलेखों में कमी मिली। उसे सुधार करने का नोटिस दिया गया है। वहीं जोमेटो हाइपरमार्ट को भी खामियों के लिए नोटिस जारी किया गया। वहीं दादरी में स्विग्गी और जोमेटो हाइपरमार्ट की जांच की गई। जोमेटो से पनीर का एक नमूना लिया गया और साफ-सफाई की कमी व अभिलेखों प्रस्तुत नहीं करने के कारण नोटिस दिया गया। ग्रेनो में सूरजपुर व सेक्टर बीटा-वन और सेक्टर-62 नोएडा के ब्लिंकिट स्टोरों पर भी साफ-सफाई और अभिलेखों की कमी मिली। इनको भी नोटिस जारी किए गए। सूरजपुर के स्टोर से मूंगफली के दाने का एक नमूना भी लिया गया। सेक्टर 135 नोएडा स्थित जेप्टो स्टोर के कोल्ड रूम में गंदगी और अव्यवस्था के कारण उसका संचालन बंद कराया गया।
संचालन में नियमों की मिली अनदेखी : अफसरों ने बताया कि ग्रेनो के सेक्टर पी-वन स्थित जिओ मार्ट और सेक्टर पी-3 स्थित केवी इंटरप्राइजेज व जेप्टो स्टोर की भी जांच की गई। ग्रेनो वेस्ट के इकोटेक-4 स्थित ए एंड डी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर 128 नोएडा स्थित पीवाईडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड (स्विग्गी स्टोर), शाहदरा नोएडा स्थित जेप्टो के डार्क स्टोर, ग्रेनो के मथुरापुर स्थित पीजेटीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड और तुगलपुर स्थित अमेजन स्टोर की चेकिंग की गई। इन सभी के पास मौके पर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं थे। इस पर सभी को नोटिस जारी कर सुधार करने का समय दिया गया है।
कुल 18 स्टोर व वेयरहाउस की जांच की गई। 16 में खामियां मिली है। इन सभी को नोटिस जारी कर सुधार करने का समय दिया गया है। सर्वेश मिश्रा, सहायक आयुक्त खाद्य-2