-सालाना करीब 30 लाख रुपये की आमदनी, सितंबर में पिछले साल के मुकाबले 1.15 लाख रुपये अधिक राजस्व
नोएडा (संवाद)। मेरठ तक रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों और छात्रों के लिए अब रोडवेज की मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) योजना किफायती विकल्प बन रही है। जुलाई में मेरठ रूट पर मासिक पास बनाने की शुरुआत हुई थी, लेकिन तीन महीने में अब तक सिर्फ आठ लोगों ने ही एमएसटी बनवाई है। इसकी वजह जागरूकता की कमी बताई जा रही है।
सेक्टर-35 स्थित मोरना डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोहिताश कुमार के अनुसार, नोएडा डिपो से सितंबर में कुल 548 मासिक पास बने। इनमें करीब 60 फीसदी पास स्कूल-कॉलेज के छात्रों ने बनवाए। नोएडा डिपो से सबसे ज्यादा मासिक पास परी चौक, जेवर और दनकौर समेत आसपास के मार्गों के लिए बन रहे हैं। मेरठ के लिए पास की संख्या कम होने के पीछे अधिकारियों के अनुसार जागरूकता की कमी प्रमुख वजह है।
सालाना 30 लाख का मिल रहा राजस्व
नोएडा डिपो की एमएसटी योजना से परिवहन निगम को हर साल करीब 30 लाख रुपये का राजस्व मिल रहा है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में 1602 पंजीकरण के जरिये 26.34 लाख, 2023-24 में 1387 पंजीकरण से 29.23 लाख रुपये और 2024-25 में 1460 पंजीकरण से 31.85 लाख की आय दर्ज की गई थी। इस साल सितंबर में भी पिछले साल के मुकाबले 1.15 लाख अधिक राजस्व मिलने की जानकारी दी गई है।
मासिक पास की योजना के तहत अब मेरठ से आवागमन करने वाले यात्रियों को भी लाभ मिल सकेगा, यात्री अपना मासिक पास सुबह दस बजे से शाम चार बजे के बीच डिपो पहुंचकर बनवा सकते हैं।
-मनोज कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपी रोडवेज, गौतमबुद्ध नगर