- लगातार सामने आ रही घटनाओं से परेशान सोसाइटी के लोगों ने की सुरक्षा की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। यमुना सिटी की 22डी सोसाइटी में हाल के दिनों में विदेशी नागरिकों से जुड़े मामलों के सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निवासियों की चिंता बढ़ गई है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से परेशान सोसाइटी के लोग अब सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किरायेदारों के अनिवार्य सत्यापन के लिए ठोस कदम उठाने की तैयारी कर रहे हैं।
हाल ही में 22डी सोसाइटी से जुड़े कुछ मामलों ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ समय पहले पुलिस ने सोसाइटी से दो विदेशी नागरिकों को पकड़ा था, जिनमें से एक के पास वैध वीजा नहीं होने की बात सामने आई थी। इस घटना के बाद अब एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक विदेशी नागरिक, जो सोसाइटी में किराये पर रह रहा था, 14वीं मंजिल की बालकनी से कूदकर सीढ़ियों तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरता दिखाई दे रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
सेक्टर 22डी वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी ने कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अब सभी किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य कराया जाएगा।