बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के सादोपुर की झाल में चोरी
दादरी (संवाद)। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के सादोपुर की झाल पर सोमवार को खल-चूरी कारोबारी की दुकान के गल्ले से सात लाख रुपये चोरी हो गया। पीड़ित ने तीन लोगों पर चोरी का आरोप लगाया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। सादोपुर गांव निवासी सुखवीर उर्फ कालू की खल-चूरी की थोक की दुकान है। पीड़ित ने सोमवार को माल खरीदने के लिए गल्ले में 10 लाख रुपये रखे थे। दोपहर को वह दुकान से कुछ दूरी पर शौचालय गए थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन आरोपी दुकान पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति दुकान के अंदर गया, जबकि दूसरा बाइक स्टार्ट कर कुछ दूरी पर खड़ा रहा और तीसरा व्यक्ति पीड़ित पर नजर रखता रहा।
आरोप है कि इसी दौरान दुकान में घुसे व्यक्ति ने गल्ले से सात लाख रुपये निकाल लिए। कुछ देर बाद जब कारोबारी ने भुगतान करने के लिए गल्ला खोला तो देखा कि उसमें कम पैसे थे। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। बादलपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।