- हड़ताल के कारण गामा-2 के साथ दादरी और जेवर सब रजिस्ट्रार कार्यालय में रजिस्ट्री बंद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अधिवक्ताओं और डीड राइटर्स का ई-पंजीकरण व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। इस कारण लगातार तीसरे दिन जेवर, दादरी और गामा-2 स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में रजिस्ट्री नहीं हो सकी। हालांकि सरकार ने शनिवार को आदेश जारी कर नए नियम को स्पष्ट किया था, लेकिन अधिवक्ता नई व्यवस्था को वापस लेने की मांग पर अड़े है।
प्रदेश सरकार ने ई-पंजीकरण व्यवस्था लागू की है। इसके तहत सभी प्राधिकरण की योजना या स्वीकृत दस्तावेज की रजिस्ट्री नई व्यवस्था से होगी। यानि प्राधिकरण की तरफ से प्रथम आवंटन ई-पंजीकरण व्यवस्था से होगी। अगर खरीदार बाद में उसे बेचता है तो उसकी रजिस्ट्री सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में होगी। इसके विरोध में सभी सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में अधिवक्ता व डीड राइटर्स ने काम बंद कर अनिश्चिताकलीन हड़ताल शुरू की है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हड़ताल रहने के बाद सोमवार को काम होने की उम्मीद थी, लेकिन सभी जगह काम बंद रहा। इस कारण 400 से अधिक रजिस्ट्री नहीं हो सकी। सेक्टर गामा-2 की एडवोकेट एंड डीड राइटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप भाटी ने बताया कि सरकार को नई व्यवस्था वापस लेनी होगी। जब तक यह मांग पूरी नहीं होगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
ई-पंजीकरण की व्यवस्था सभी तरह के लेखपत्रों पर नहीं है। यह व्यवस्था केवल शासकीय या अर्द्धशासकीय संस्थाओं की तरफ से की जाने वाली पहली रजिस्ट्री पर लागू होगी। जिन संपत्ति का पहला आवंटन प्राधिकरण या अनुमोदित संस्था की तरफ से किया जाएगा, उन पर यह व्यवस्था लागू होगी। -
ब्रिजेश कुमार, एआईजी द्वितीय निबंधन विभाग