- युवक ने पुलिस पर लगाया अभद्रता का आरोप, पुलिस ने कहा तेज आवाज में चला रहा था बाइक
- दादरी कोतवाली क्षेत्र में 15 मार्च को एक बाइक का चालान काटने व सीज करने मामला कोर्ट पहुंचा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली क्षेत्र में एक बाइक का चालान काटना पुलिसकर्मियों को महंगा पड़ गया। मामले को कोर्ट ने संज्ञान में लिया है। बाइक सवार युवक ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने बिना वैध कारण के बाइक को सीज किया। साथ ही उसके पिता के पेशे का मजाक उड़ाया। वहीं पुलिस ने सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखकर सभी आरोपों को असत्य बताया। दोनों पक्ष सुनने के बाद कोर्ट ने मौके पर मौजूद रहे तीन पुलिसकर्मियों को तलब किया है। अब अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी।
15 मार्च को विधि छात्र युगांश दीक्षित को बढ़पुरा नाला के पास पुलिस ने रोका। आरोप है कि पूछताछ में विधि छात्र बताया तो पुलिसकर्मियों ने उसका उपहास उड़ाया। ड्राइविंग लाइसेंस व बाइक की आरसी भी दिखाई। साथ ही पिता के अधिवक्ता होने की भी जानकारी दी। 10 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है। पुलिस कर्मी बाइक को लेकर दादरी कस्बा चौकी पहुंचे। पीड़ित छात्र भी वहां पहुंच गया। सूचना पर मामा विक्रांत शर्मा और फूफा कपिल शर्मा भी पहुंच गये।
युवक साइलेंसर लगाकर दाैड़ा रहा था बाइक :
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी अभद्रता की और बाइक को सीज कर दिया। कोर्ट से बाइक को रिलीज करने और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की। इस पर पुलिस की तरफ से भी अपना पक्ष रखा गया। जिसमें पुलिस ने सभी आरोपों को नकारा और बताया कि एमवी एक्ट (मोटर वाहन अधिनियम) में कार्रवाई की गई है। बढ़पुरा नाले पर मार्केट लगी थी। वहां युवक बाइक को तेज व लापरवाही से चला रहा था। मोडीफाइड साइलेंसर भी लगाया हुआ था। जिस पर युवक को रोका गया। वो मौके पर कोई वैध दस्तावेज भी नहीं दिखा सका। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद यातायात निरीक्षक देवेंद्र सिंह और सिपाही मनीष कुमार व जोगेंद्र को तलब किया है। अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी।