जमानत पर बाहर आकर चेन लूट करने लगा बदमाश, साथी संग गिरफ्तार
विज्ञापन
- बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाशों को किया गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो ईनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पैर में गोली लगी है। बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया है। एक बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वो पूर्व में मुठभेड़ के दौरान भागने में सफल रहा था। बदमाशों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू निवासी बडेसरा पाली अलीगढ़ और मोनू निवासी घटकना मौदहा हमीरपुर के रूप में हुई है। इस समय दीपू ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव और मोनू भंगेल में रह रहा था।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि रविवार देर रात बीटा-2 कोतवाली पुलिस 130 मीटर रोड पर ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार दो युवकों को रूकने का इशारा किया लेकिन पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपियों की बाइक फिसल गई। गिरने के बाद दोनों ने पुलिस ने फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। जिसमें दोनों पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पास से चोरी की एक बाइक और अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों चेन स्नेचर है। माेनू चेन स्नेचिंग में जेल जा चुका है। इस समय जमानत पर जेल से बाहर चल रहा था। वहीं जून माह में मुठभेड़ के दौरान दीपू फरार हो गया था। तब उसका साथ राजेंद्र उर्फ लल्लू लूट की चेन के साथ गिरफ्तार हुआ था। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था।