-यमुना प्राधिकरण की कॉरपोरेट प्लॉट की जमीन को अपना बताकर निवेशकों को दिखाए थे फर्जी दस्तावेज
माई सिटी रिपोर्टर
दनकौर। यमुना प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर प्लॉट बेचकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में वांछित बिल्डर को दनकौर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेक्टर-168 स्थित गोल्डन पाम सोसाइटी निवासी अनुराग प्रताप राय (46) के रूप में हुई। वह यूपीएल होम्स और यूटीएल इंफ्रा रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड का निदेशक है। दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर निवासी राखी निंबा ने 29 अक्तूबर को मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि उन्होंने दनकौर देहात क्षेत्र में कंपनी की डिलाइट होम्स परियोजना के तहत 100 वर्ग गज का प्लॉट खरीदा था। इसके लिए चेक और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से कंपनी को 18 लाख रुपये का भुगतान किया था। वर्ष 2023 में 30 जून को प्लॉट की रजिस्ट्री भी करा दी गई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर यमुना प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन के वास्तविक रकबे को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया था। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर राखी निंबा के अलावा मीनाक्षी गोयल और जसमीत कौर को भी प्लॉट बेच दिए। आरोप है कि निवेशकों से रकम वसूलने के बाद आरोपी ने कार्यालय बंद कर लिया। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि अमरपुर गांव के पास साइट के नजदीक से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।