संवाद न्यूज एजेंसी-
नोएडा। सेक्टर-61 में बिजली के उपकरण चोरी होने के कई मामले सामने आने के बाद सेक्टर-58 थाना क्षेत्र पुलिस ने कई टीमें बनाकर इसकी जांच शुरू की। चोरों के निशाने पर ट्रांसफार्मर की कॉइल और तेल के अलावा अन्य उपकरण रहते थे। थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर कई टीमें लगाई गई थी। इस संबंध में कार्रवाई करते हुए सेक्टर-61 की सी-ब्लॉक ग्रीन बेल्ट से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान गुड्डू उर्फ मनोज निवासी बदायूं और राजा ठाकुर निवासी खगड़िया, बिहार के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में सेक्टर-53 के गिझोड़ में रहते हैं। दोनों के पास से आठ आरएमयू कनेक्टर्स वायर बंडल, पांच रिले, रिले वायरिंग कनेक्टर, दो आरएमयू, ज्वांइट किट, एक ऑटोमैटिक एमसीवी, चोरी के अन्य बिजली उपकरण, चोरी में इस्तेमाल एक उपकरण और दो चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सेक्टर-61 स्थित सांई मंदिर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया बिजली उपकरणों से भरा कट्टा भी बरामद किया।