माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मिशन शक्ति अभियान व साइबर जागरूकता सेल के तत्वाधान में साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन कराया गया। इसमें साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ समर पाल सिंह ने साइबर सुरक्षा हेतु व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया और अभ्यास कराया। उन्होंने प्रशिक्षण में विभिन्न ऐसे तरीकों का अभ्यास कराया, जिसमें फेक एसएमएस, फेक मोबाइल नंबर, फेक आईडी, फेक फोटो आदि को पहचान सकते हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ अनीता मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से सतर्क और सचेत रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को अपनी निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी, क्योंकि साइबर अपराध व्यक्तिगत सम्मान, गरिमा और सुरक्षा को नुकसान पहुंचा सकता है। कार्यक्रम का संचालन साइबर सुरक्षा की संयोजक पारुल ए कौशिक ने किया। मिशन शक्ति नोडल अधिकारी अनिता कुमारी के और डॉ रेनू तोमर का विशेष सहयोग रहा।
वहीं, वाणिज्य संकाय की शोधार्थी प्रियंका के जूनियर रिसर्च फेलोशिप से सीनियर रिसर्च फेलोशिप में उन्नयन के लिए शोध प्रगति के मूल्यांकन व साक्षात्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रोफेसर राजेश कुमार अग्रवाल व राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर डॉ दिनेश चंद्र उपस्थित रहे। साक्षात्कार के दौरान शोधार्थी के शोध कार्य की प्रगति, शोध विषय की प्रासंगिकता, शोध पद्धति, प्राप्त निष्कर्षों और शोध कार्य की अकादमिक गुणवत्ता का मूल्यांकन किया गया।