माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली महिला ने अज्ञात लोगों पर उनके और उनके परिवार के मोबाइल नंबरों व पते का दुरुपयोग कर ऑनलाइन ऑर्डर बुक करने का आरोप लगाया है। बिसरख कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में पूजा सिन्हा का कहना है कि 4 अगस्त 2026 से लगातार अनधिकृत ऑर्डर बुक किए जा रहे हैं। अमेजन, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट, मिंत्रा, मीशो, उबर, ओला, रैपिडो और सवारी समेत कई प्लेटफॉर्म से ऑर्डर और राइड बुकिंग की गई। उन्होंने यह ऑर्डर नहीं किए, फिर भी डिलीवरी एजेंटों और कंपनियों के फोन, एसएमएस और नोटिफिकेशन लगातार आ रहे हैं। कई ऑर्डर कैश ऑन डिलीवरी के हैं। एक बार उनके अमेजन खाते से एक ऑर्डर बुक हुआ और उसका भुगतान अमेजन पे बैलेंस से कर दिया गया। उन्होंने न ऑर्डर किया था और न भुगतान की अनुमति दी थी। हाल ही में टैक्सी एप के जरिए किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई से भुगतान का प्रयास भी किया, जो असफल रहा।
8 से 17 अगस्त के बीच परिवार नोएडा से पटना गया था। उसी दौरान पटना के पते पर भी ऑर्डर और डिलीवरी नोटिफिकेशन आने लगे। पटना में उपलब्ध परिवार के दो अन्य मोबाइल नंबरों पर भी ऐसे संदेश आए। कोतवाली पुलिस का कहना है शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।