- देर रात हॉस्टल में हंगामे के बाद पुलिस पहुंची, जांच में छात्र घर पर मिला सकुशल
- प्रबंधन पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर छात्र ने प्रसारित किया वीडियो, मोबाइल बंद कर घर पहुंचा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के बीए एलएलबी प्रथम वर्ष के छात्र द्वारा इंटरनेट मीडिया पर खुद का एक भावुक वीडियो प्रसारित करने के बाद देर रात हड़कंप मच गया। वीडियो में छात्र ने इसे जीवन का अंतिम वीडियो बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन पर प्रताड़ना और सुविधाएं न देने के आरोप लगाए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन सक्रिय हो गया। बाद में छात्र दिल्ली स्थित अपने घर पर सुरक्षित मिला।
मूलरूप से प्रयागराज निवासी छात्र अक्षत त्रिपाठी ने करीब दो मिनट 53 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में उसने विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर, हॉस्टल वार्डन और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कुछ सदस्यों पर झूठे आरोप लगाकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। छात्र ने कहा कि विद्यार्थियों से लाखों रुपये फीस लेने के बावजूद हॉस्टल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं दी जा रहीं।
वीडियो वायरल होने के बाद देर रात पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब 2 बजे वीडियो संज्ञान में आने के बाद छात्र की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीमों ने लोकेशन ट्रैक की और पता चला कि छात्र दिल्ली में अपने परिजन के पास पहुंच चुका है। पुलिस जांच में सामने आया कि छात्र ने अपने भाई से संपर्क कर ऑनलाइन टैक्सी के माध्यम से दिल्ली स्थित घर तक पहुंचने की व्यवस्था की थी। एडीसीपी संतोष कुमार के अनुसार का कहना है कि मामले में ईकोटेक-1 कोतवाली में कोई शिकायत नहीं की गई है।
प्रबंधन ने आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया:विश्वविद्यालय प्रशासन ने वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है। विश्वविद्यालय के प्रभारी छात्र कल्याण की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वीडियो सामने आते ही छात्र के परिजन से संपर्क किया गया था और उसकी मां ने छात्र के सुरक्षित घर पहुंचने की पुष्टि की थी। प्रशासन का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित की जा रही सूचनाएं तथ्यों से परे हैं।