ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर 82.50 लाख रुपये की ठगी
- ईमेल, व्हाट्सएप और फोन कॉल के जरिये आरोपियों ने जीता भरोसा, साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से 82.50 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने ईमेल, व्हाट्सएप संदेश और फोन कॉल के माध्यम से पीड़ितों से संपर्क कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में नोएडा स्थित साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज पांच शिकायतों को आधार बनाया गया है। शिकायतकर्ता ने संदीप यादव समेत संबंधित शिकायतों में ऑनलाइन माध्यम से लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी में ठगी की कुल रकम 82,50,103 रुपये दर्ज है। शिकायतों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने ऑनलाइन संचार माध्यमों के जरिये पीड़ितों से संपर्क कर उन्हें लोन दिलाने की सुविधा देने का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों के साथ आगे भी वित्तीय लेनदेन जारी रखा। बाद में उन्हें पता चला कि रकम अनुचित और धोखाधड़ी के तरीके से हासिल की गई है। एसीपी साइबर विवेक रंजन राय ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।