- सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला में हादसा, मां और दादी के साथ गया था तीन साल का अनिकेत
- लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में सोमवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन वर्षीय अनिकेत की मौत हो गई। बच्चा मां और दादी के साथ हनुमान मंदिर के पास गया था। इसी दौरान नोएडा नंबर की सफेद स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को स्थानीय लोग तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, अनिकेत के पिता अमित कुमार पत्नी और दो बच्चों के साथ सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के सामने झुग्गी में रहते हैं। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सोमवार सुबह करीब आठ बजे अनिकेत अपनी मां और दादी के साथ हनुमान मंदिर के पास गया था। इसी दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बच्चे की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद चालक ने मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया। चालक की पहचान सोरखा निवासी शौर्य के रूप में हुई है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एडीसीपी अभय मिश्र ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।