अंतरराज्यीय गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, चोरी की 12 बाइक बरामद
- सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 लाख कीमत के पार्ट्स भी बरामद किए
माई सिटी रिपोर्टर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने दो पहिया वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा कर 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की 12 बाइक और बड़ी मात्रा में बाइक के पार्ट्स बरामद किए है। जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपये है। एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर दो पहिया वाहन चोर गिरोह के 5 बदमाशों को दबोचा गया है।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सूर्या उर्फ मोहन निवासी हिरनी कुचेसर दरभंगा बिहार, दीपक पाल व लक्की चंदेल निवासी हबीबपुर, आसिफ निवासी विकास कॉलोनी हापुड़ और अंकित गुप्ता निवासी लक्ष्मण छपरा बलिया के रूप में हुई है। सूर्या और अंकित इस समय हबीबपुर गांव में रहते थे। जबकि आसिफ हल्दौनी में रहता था। सभी की उम्र 19 से 20 साल के बीच है।
एडीसीपी ने बताया कि गिरोह के सभी सदस्य दिल्ली एनसीआर और नोएडा व ग्रेटर नोएडा में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह का सरगना सूर्या है। चोरी करने के बाद बाइक आसिफ को दी जाती है। आसिफ कबाड़ी का काम करता है। वो बाइक को काटकर कीमती व अच्छे पार्ट्स को रखता था। बाइक के पार्ट्स को बेचने का काम कर रहे थे। आरोपियों के पास से चोरी की 12 बाइक बरामद हुई है। साथ ही करीब 18 लाख कीमत के पार्ट्स भी बरामद किए है।