- होली के दिन आईवी काउंटी सोसाइटी में हुई थी गोली मारकर हत्या, बाल अपचारी पुलिस संरक्षण में
- मृतक युवती के वीडियो कर रहा था वायरल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में होली के दिन प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में युवती व उसके दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने तीनों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस ने संरक्षण में लिया है। प्रापर्टी डीलर के पेट, सीने व हाथ पर चार गोली लगी थीं। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त कार, अवैध पिस्टल व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी निखिल सोलंकी और लोकेंद्र सोलंकी, प्रिया सोलंकी के रूप में हुई है।
मूल रूप सोरखा गांव के रहने वाले प्रापर्टी डीलर साहिल सिंघल परिवार के साथ सेक्टर-75 स्थित सोसाइटी में रहते थे। वह चार साल पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कोको काउंटी में काम करने के दौरान गाजियाबाद विष्णु एन्क्लेव की रहने वाली एक युवती के संपर्क में आए थे। दोनों में प्रेम संबंध हो गए थे। प्रापर्टी डीलर के शादीशुदा और दो बच्चे होने का पता चलने पर युवती ने विरोध किया था। युवती बुधवार को होली पर कार से अपने दो भाई और एक अन्य के साथ सोसाइटी पहुंची थी। वहीं पर विवाद होने पर युवती के भाई ने गोली चलाकर प्रापर्टी डीलर की हत्या कर दी थी। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि इस मामले में मृतक की मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस की जांच में पता चला है कि युवती का एक वीडियो वायरल करने के मामले में 18 फरवरी को युवती के घरवालों ने गाजियाबाद पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद मृतक ने ऐसी हरकत न करने की बात कही। आरोप है कि वह लगातार युवती के रिश्तेदारों के मोबाइल नंबरों पर फोटो और वीडियो भेजता रहा। इससे विवाद बढ़ गया था।