- व्यापारी ने पत्नी व उसके मायके पक्ष पर लगाया आभूषण और नकदी ले जाने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। घरेलू विवाद की चिंगारी कब संगीन आरोपों की आग में बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। बीटा-2 क्षेत्र स्थित एनटीपीसी सोसाइटी में रहने वाले एक व्यापारी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ पारिवारिक विवाद अब लाखों रुपये के जेवर और नकदी की चोरी, रिश्तों में दरार और कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया है। व्यापारी का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ घर से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लेकर चली गई। मामले में अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वादी वसीम खान के मुताबिक, मई 2025 में एक दिन सुबह बच्चे को खाना खिलाने को लेकर उनकी पत्नी उजमा से मामूली कहासुनी हुई थी, लेकिन कुछ देर बाद माहौल सामान्य हो गया। इसके बाद वह अपने काम पर निकल गए। शाम को जब उन्होंने पत्नी को फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसी से जानकारी लेने पर पता चला कि घर पर ताला लगा हुआ है। अगले दिन सुबह जब वसीम घर पहुंचे तो दरवाजे पर ताला लटका मिला। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
आरोप है कि रात करीब पौने एक बजे पत्नी उजमा, साला शहजाद परवेज, सलहज गुलनाज, साली सीमा हुसैन, साढ़ू शहजाद हुसैन और छोटे साढ़ू मोहम्मद आजम उर्फ ईशान सहित कुछ अज्ञात लोग दो गाड़ियों एक इनोवा और एक सिल्वर वैगनआर में सवार होकर आए और दरवाजे का ताला अवैध तरीके से खोलकर घर में दाखिल हो गए। फुटेज में सभी लोग करीब एक घंटे तक बेहद इत्मीनान से घर का सामान गाड़ी में लादते नजर आ रहे हैं। घर से करीब आठ लाख रुपये के जेवरात और छह लाख रुपये नकद व अन्य जरूरी सामान चोरी कर लिया। पत्नी के किसी रिश्तेदार से संपर्क किया तो उल्टा उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।