मोदीनगर। कस्बा नगर पंचायत निवाड़ी की बुधवार को बोर्ड बैठक हुई। इस दौरान जल निकासी, कान्हा गोशाला, वंदना योजना के तहत मंदिरों का जीर्णोद्धार और नई मार्केट बनाने सहित करीब सात करोड़ रुपये के विकास कार्याें के प्रस्ताव पास किए गए।
बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार और संचालन अधिशासी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह ने की। बैठक में मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच भी मौजूद रहीं। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि शहर हो या गांव सभी क्षेत्र में बिना भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे है। अध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि दो करोड़ रुपये से जल निकासी, 1.67 करोड़ रुपये से पेयजल आपूर्ति सुधार और 34 लाख रुपये से कान्हा गोशाला व श्मशान घाट का जीर्णोद्धार
किया जाएगा। इसके अलावा एक करोड़ ग्यारह लाख रुपये की लगात से मोदीनगर-निवाड़ी मार्ग पर मार्केट का निर्माण होगा। बैठक में कस्बे के सभासदों के अलावा, अवर अभियंता स्मृति गुप्ता और लिपिक तेजवीर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।