सीएम ने किया शुभारंभ, अटल कैंटीन योजना के निर्माण स्थल का निरीक्षण भी किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत की। इसके अलावा अटल कैंटीन योजना के निर्माण स्थल पर विकास कार्य का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग स्थित जेजे क्लस्टर में सीसी फुटपाथ और ड्रेनेज सिस्टम के सुधार कार्यों का उद्घाटन किया। यहां जनता लंबे समय से जलभराव और जर्जर गलियों की समस्या से जूझ रही थी। इस परियोजना पर 63.12 लाख रुपये की लागत आई है। उन्होंने 94.53 लाख रुपये की लागत से बने 60 सीटर जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया। इसके अलावा नई पेयजल पाइपलाइन का भी शुभारंभ किया। यह पाइपलाइन आंबेडकर नगर, गोविंद मोहल्ला, सैनी धर्मशाला व शालीमार गांव में बिछाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शालीमार बाग ही नहीं बल्कि पूरे दिल्ली में विकास कार्य युद्धस्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। वर्षों से ठप पड़े कार्य अब दोबारा गति पकड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पांच वर्षों से अधूरे पड़े जेजे क्लस्टर आयुर्वेदिक अस्पताल के बारे में कहा कि इसे प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। यह अगले दो साल में संचालित हो जाएगा।