नोएडा (संवाद)। नोएडा के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी रिद्धिमा सिंह और देवांग तोमर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ी योनेक्स-सनराइज ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025 में भाग लेने मदुरै (तमिलनाडु) पहुंचे हैं। प्रतियोगिता 22 से 29 अक्टूबर तक चलेगी और इसका आयोजन बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा किया जा रहा है।
रिद्धिमा गर्ल्स डबल्स और मिक्स डबल्स, जबकि देवांग बॉयज सिंगल्स और मिक्स डबल्स वर्ग में हिस्सा लेंगे। दोनों सनराइज शटलर्स नोएडा में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं और पिछले कई महीनों से अभ्यासरत हैं।
मुख्य आयोजन स्थल चिन्ना उडैप्पु, मदुरै इंडोर स्टेडियम है, जबकि कुछ मुकाबले त्यागराजर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग इंडोर स्टेडियम में होंगे। कोच कुसुम ने बताया कि दोनों खिलाड़ी अनुशासित और मेहनती हैं, उम्मीद है कि वे अपने प्रदर्शन से जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।