Despite the ban, the sale of tobacco products, the state government has started manufacturing, storage and sale from Monday.
तावडू। क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से तंबाकू उत्पाद बेचे जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने हाल ही में 27 सितंबर से एक वर्ष के लिए तंबाकू उत्पादों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्णतया रोक लगाने का आदेश दिया था। फिर भी क्षेत्र में खुलेआम इन प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री बिना रोक-टोक जारी है। नगर के हर मोहल्ले, बाजार और गलियों में शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले तंबाकू उत्पादों की लड़ियां प्रत्येक दुकान पर शान से लटकी देखी जा सकती हैं। लेकिन, अधिकारी बेखबर बने हुए हैं।
खाद्य एवं औषधि विभाग ने प्रदेश की युवा पीढ़ी को नशे की गर्त में जाने से बचाने के लिए गुटखा, पान मसाला और तंबाकू मिश्रित सुपारी की बिक्री, भंडारण और निर्माण पर रोक लगा दी है। प्रदेश सरकार ने पत्र जारी कर उपरोक्त खाद्य पदार्थों को मानव स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती के लिए हानिकारक बताया। पत्र में कहा गया कि इन उत्पादों पर प्रतिबंध नहीं लगाना भावी पीढ़ियों के स्वास्थ्य के साथ समझौता होगा। तंबाकू मिश्रित यह सुपारी न केवल स्वास्थ्य को भारी क्षति पहुंचा सकती हैं बल्कि इनके प्रयोग से भावी पीढ़ियों की जैविक संरचना पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। वहीं, इस बारे में तावडू उपमंडल के नवनियुक्त एसडीएम सुरेंद्र पाल का कहना है कि लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने की छूट किसी को भी नहीं दी जा सकती है। जिस दुकानदार के पास प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद मिला या बिक्री करता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।