पुलिस चौकी के सामने ही हो रहा नियमों का उल्लंघन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल परी चौक को जाम मुक्त बनाने के लिए लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद निजी बस संचालक खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। निजी बसें पुलिस चौकी के सामने ही खड़े होकर सवारियां भर रहीं हैं।
करीब एक साल पहले परी चौक पर बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या देखते हुए तत्कालीन डीसीपी ने बसों के संचालन पर विशेष प्रतिबंध लगाए थे। इसके तहत अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट से पी-3 गोलचक्कर तक बसों के आवागमन को नियंत्रित किया गया था। पी-3 से परी चौक की ओर आने वाली बसों का संचालन बंद कर दिया गया था और उन्हें वैकल्पिक मार्ग से चलाने के निर्देश दिए गए थे।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार बसों को सर्विस रोड होते हुए अंसल मॉल के सामने से निकालकर अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट के गोलचक्कर और डेल्टा मार्ग से पी-3 की ओर भेजा जाना था। इन आदेशों के बाद भी निजी बस संचालक अब भी परी चौक के आसपास नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निजी बसें पुलिस चौकी के सामने और आसपास सड़क किनारे खड़ी होकर सवारियां भरती हैं। कई बार बसें 15 से 20 मिनट तक सड़क पर खड़ी रहती हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है। राहगीरों और वाहन चालकों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा।
-
परी चौक पर निजी बसें खुलेआम सवारियां बैठाती हैं। इस संबंध में अधिकारियों को शिकायत भी की गई है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
-राजेश वर्मा, एआरएम, ग्रेटर नोएडा डिपो
-
परी चौक की सर्विस रोड पर अगर कोई निजी बसें खड़ी करता है या फिर कोई बस परी चौक पर पहुंचती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई कर हटाया जाएगा। -अभय कुमार मिश्रा, डीसीपी यातायात