-सेक्टर 82 स्थित उद्योग विहार सोसाइटी का मामला
-आरडब्ल्यूए चुनाव के छह महीने बाद भी पूर्व आरडब्ल्यूए ने नहीं किए दस्तावेज हैंडओवर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा।
उद्योग विहार सेक्टर-82 में आरडब्ल्यूए चुनाव संपन्न हुए करीब छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पूर्व आरडब्ल्यूए की ओर से लेखा-जोखा से संबंधित दस्तावेज वर्तमान आरडब्ल्यूए को हैंडओवर नहीं किए गए हैं। आरडब्ल्यूए ने इस संबंध में डिप्टी रजिस्ट्रार से शिकायत की थी, जिस पर डिप्टी रजिस्ट्रार ने पूर्व आरडब्ल्यूए को नोटिस जारी कर वर्तमान आरडब्ल्यूए को दस्तावेज हैंडओवर करने के निर्देश दिए हैं।
वर्तमान आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुशील शर्मा द्वारा वित्तीय रिकॉर्ड, लेखा जोखा, एग्रीमेंट संबंधित दस्तावेज, आरडब्ल्यूए संपत्ति विवरण, आईटीआर, टीडीएस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का हैंडओवर नहीं हुआ है। इस संबंध में लखनऊ से एक बार और डिप्टी रजिस्ट्रार की ओर से तीन बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक लेनदेन का वित्तीय विवरण नई कार्यकारिणी को नहीं सौंपा है। नव निर्वाचित अध्यक्ष मयंक चौहान व महासचिव रंजन कुमार ने कहा कि पूर्व कार्यकारिणी द्वारा वित्तीय घोटाले के खुलासे के डर से हैंडओवर प्रक्रिया जानबूझकर रोकी जा रही। वहीं, उद्योग विहार निवासियों ने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से हैंडओवर की मांग कर रहे हैं लेकिन यदि पूर्व अध्यक्ष ने मांग नहीं सुनी तो उनके घर के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन एवं धरना दिया जाएगा।
पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में हुआ था चुनाव
आरडब्ल्यूए ने कहा कि चुनाव को सफल कराने में नोएडा डीएम, डिप्टी रजिस्ट्रार, डीएसओ, पीएसी फोर्स और नोएडा पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हुआ था जिसकी पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
यह चुनाव विवादित है और इस संबंध में हमने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसपर कोर्ट की ओर से डिप्टी रजिस्ट्रार से जवाब मांगा गया है। डिप्टी रजिस्ट्रार की ओर से जब इस संबंध में जवाब प्रस्तुत कर दिया जाएगा तो हम भी हैंडओवर के बारे में सोचेंगे।
सुशील शर्मा, पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, उद्योग विहार