नोएडा। बरेली में एमबीबीएस छात्रा अनन्या दीक्षित की आत्महत्या के मामले में नोएडा पुलिस ने वांछित डेंटिस्ट को रविवार लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी दिनों से फरार था और बरेली कोर्ट से उसका गैर जमानती वारंट जारी था।
डीसीपी राजेश एस ने बताया कि बरेली के निजी कॉलेज के हॉस्टल में अनन्या ने वर्ष 2017 में आत्महत्या कर ली थी। उस समय मामला बहुत चर्चित हुआ था। आरोपी सुखबीर नोएडा सेक्टर-62 में रहता था। मामले में सुखबीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज थी। पता नोएडा का होने से यहां की पुलिस को भी कोर्ट ने नोटिस भेजा था। इस पर डीसीपी ने पुलिस की टीम को लगाया। रविवार को टीम लुधियाना के सुंदर नगर मुडयान कलां पहुंची। आरोपी सुखबीर को पुलिस की भनक लग गई तो वह दो-तीन छतें कूदकर भागने लगा। पुुलिस ने वहां से उसे दबोच लिया और लुधियाना के स्थानीय कोर्ट में पेश कर नोएडा ले आई। इसके बाद उसे बरेली ले जाकर कोर्ट में पेश कर दिया गया।