या चैत्र में दिखा कोहरा
- ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई भी बढ़कर ग्रीन जोन से येलो जोन में 150 पहुंचा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा /नोएडा। बारिश के बाद शनिवार सुबह ग्रेटर नोएडा में कोहरा छाया रहा। सुबह कोहरे को देखकर निवासी चौंक गए। सोशल मीडिया पर शहर में छाए कोहरे की तस्वीर अपलोड कर लोगों ने मार्च में पहली बार कोहरा देखने की बात कही। कोहरे के साथ ही लोगों को जनवरी जैसी ठंड का भी अहसास हुआ।
वहीं बारिश रुकने के बाद शहर का वायु प्रदूषण भी बढ़ने लगा है। शनिवार को ग्रेनो का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ग्रीन जोन से निकलकर येलो जोन में 150 तक पहुंच गया है। वहीं नोएडा का एक्यूआई भी बढ़कर 119 पहुंच गया। दिल्ली एनसीआर में पिछले तीन दिन से बारिश हो रही थी। इस कारण तापमान गिर गया है। शनिवार को ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में सुबह 8 बजे तक कोहरा छाया रहा और दृश्यता कम भी रही। वहीं दोपहर बाद धूप निकल आई। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में 4.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि कई मौसम प्रणालियों के एक साथ सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत के ऊपर बादलों की मोटी परत छा गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक इस सप्ताह बारिश की संभावना नहीं है। आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी।