माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को 17 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही इस साल अब तक मिले डेंगू मरीजों का आंकड़ा 130 तक पहुंच गया। बढ़ते मामलों को देखते हुए मलेरिया विभाग की टीम ने चाइल्ड पीजीआई की लैब में जाकर किट की उपलब्धता की जांच की। विभागीय टीम मरीजों से फोन पर संपर्क कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ले रही है। मलेरिया विभाग का कहना है कि फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है।
जिला अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अब तक किसी भी मरीज को प्लेटलेट्स चढ़ाने की आवश्यकता नहीं पड़ी है। अस्पताल के पास पर्याप्त मात्रा में प्लेटलेट्स उपलब्ध हैं। अहम है कि इससे पहले सोमवार को भी 17 और मंगलवार को 20 मरीज मिले थे। इनमें से अधिकतर का इलाज निजी अस्पतालों में जारी है। जबकि छह मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हैं। ओपीडी में भी डेंगू और मलेरिया के लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि सभी मरीज ठीक हैं। एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव लगातार कराया जा रहा है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घर और आसपास पानी जमा न होने दें। पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. एचएम लवानिया ने कहा कि अभी तक किसी भी मरीज को प्लेटलेट्स चढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ी है।
रोजाना हो रही छह हजार से ज्यादा जांचें
जिला अस्पताल में जांच का आंकड़ा भी बढ़ गया है। पहले प्रतिदिन करीब 5 से 5.5 हजार जांचें होती थीं, लेकिन संख्या बढ़कर 6 से 6.5 हजार तक पहुंच गई है। इनमें सबसे ज्यादा जांच डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड की हो रही हैं। ओपीडी में आने वाले मरीजों में डेंगू व मलेरिया के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराई जा रही है, जिसके कारण जांच का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है।