अमरोहा। हुसैन नजर ने आले अहमद गर्ल्स इंटर कॉलेज की आजाद रोड स्थित वक्फ संपत्ति पर जारी अवैध निर्माण रोके जाने की मांग डीएम से की। साथ ही वक्फ संपत्ति खुर्द-बुर्द करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
मोहल्ला सट्टी निवासी हुसैन नजर ने डीएम निधि गुप्ता से शिकायत की है। कहा, मोहल्ला गुजरी से संचालित होने वाले आले अहमद गर्ल्स स्कूल की आजाद रोड पर कुछ वक्फ संपत्ति है। इस संपत्ति पर पहले अर्जन टॉकिज का संचालन किया जा रहा था। इस संपत्ति का कॉलेज की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की मान्यता संबंधी फाइल में दर्शाया गया है। पूर्व में सरकार से अनुदान व वित्तीय सहायता के लिए भी इस संपत्ति के मूल्यांकन प्रमाण पत्र फाइलों में संलग्न किए जाते रहे हैं।
आरोप है कि मोहल्ला कटकुई निवासी तत्कालीन प्रबंधक दिवंगत आले अहमद की पत्नी ने शिया वक्फ बोर्ड व शिक्षा विभाग से सांठगांठ कर संपत्ति पर कब्जा कर लिया था। वह कम पढ़ी लिखी थी, इसका फायदा उठाकर परिवार के लोगों ने एक फर्जी वक्फ नामा तैयार करा लिया। संपत्ति को पीढ़ी दर पीढ़ी वक्फ घोषित करा दिया।
परिवार के लोग आर्थिक लाभ के उद्देश्य से इस संपत्ति को खुर्द-बुर्द कर रहे हैं। जमीन बेचकर वहां मकानों का निर्माण करा दिया गया है। मुतवल्ली ने शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी से कॉलेज की उक्त संपत्ति पर कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराए जाने की अनुमति ले ली थी। इसके बाद तथ्य छिपाकर विनियमित क्षेत्र विभाग कार्यालय से नक्शा स्वीकृत करा लिया था।
आरोप है कि मुतवल्ली के लोगों की ओर से इस वक्फ संपत्ति पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य रोके जाने तथा कॉलेज की वक्फ संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीएम ने जांच उपरांत कार्रवाई का आश्वासन दिया है।