ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग को लेकर एक्टिव सिटीजन टीम ने शुक्रवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम को ज्ञापन सौंपा। टीम ने निजी और सरकारी अस्पतालों के बीच बढ़ते अंतर पर चिंता जताते हुए नए सरकारी अस्पताल स्थापित करने की मांग की।
टीम सदस्य हरेंद्र भाटी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की कमी के कारण आम लोगों को महंगे निजी अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने सभी वर्गों के लिए सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें शासन स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान एक्टिव सिटीजन टीम के मंजीत सिंह, जेपीएस रावत, रमेश चंदानी, हरेंद्र भाटी और आलोक सिंह मौजूद रहे।