यमुना सिटी (संवाद)। तिरथली निवासी रूही की मौत के मामले में परिजन बुधवार को ग्रेटर नोएडा एसीपी से मिले। परिजन ने रूही की मौत के मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान उनके साथ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उमेश भाटी भी मौजूद रहे।
तिरथली निवासी रूही की वर्ष 2023 में दादरी थाना क्षेत्र में दुर्घटना के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। पुलिस ने इस मामले में दुर्घटना में मौत होने की रिपोर्ट दर्ज की थी। परिजन का आरोप था कि दहेज के लिए उसके पति मुस्तकीम ने अपने दोस्त और उसकी पत्नी के साथ योजनाबद्ध तरीक़े से हत्या कर इसे दुर्घटना का रंग दिया था। परिजन दोबारा जांच की मांग करने न्यायालय चले गए। न्यायालय से इस मामले में जांच और कार्रवाई के आदेश दिए थे। इस मामले में परिजन और ग्रामीणों का एक जत्था बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उमेश भाटी के साथ डीसीपी साद मियां खान से मिलने पहुंचे। डीसीपी ने इसकी जांच एसीपी विवेक रंजन को दी है। एसीपी विवेक रंजन से मिलकर परिजन ने इस मामले गिरफ्तारी की मांग की है।