माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट में मेट्रो दौड़ाने का मुद्दा विधानसभा तक पहुंच गया है। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में बजट सत्र के आठवें दिन कहा कि यह (मेट्रो) स्थानीय लोगों की जरूरत है। लंबे समय से यह मांग लंबित है। यह पूरी होनी चाहिए। क्षेत्र में फ्लैटों की संख्या सबसे अधिक है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लाखों लोग रहते हैं, लेकिन वहां पर मेट्रो की सुविधा नहीं है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ते हुए जल्द मेट्रो चलवाई जाए।
विधायक ने कहा कि लोगों को प्रतिदिन नोएडा और दिल्ली में दफ्तर जाने-आने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अगर क्षेत्र को मेट्रो सेवा से जोड़ा जाता है। ऐसे में मेट्रो उपलब्ध होने से लाखों नागरिकों को राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। विधायक ने इस क्षेत्र में नियमित बस सेवा प्रारंभ करने की मांग भी सदन में रखी। उनका कहना है कि इससे आमजन खासतौर पर नौकरीपेशा, छात्र-छात्राओं एवं कामगारों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
विवि की स्थापना की भी रखी मांग
विधायक ने दादरी क्षेत्र में सम्राट मिहिर भोज विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव रखा। उनका कहना है कि इससे स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे। वहीं क्षेत्र शैक्षणिक दृष्टि से सशक्त बनेगा।
युवराज का मुद्दा
विधायक ने आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए गौतमबुद्ध नगर में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) एवं राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की स्थायी यूनिट स्थापित करने की मांग भी सदन में रखी जिससे त्वरित राहत कार्य हो सके। उन्होंने कहा कि हाल ही में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर एक कार पानी में गिर गई थी जिसमें होनहार इंजीनियर युवराज मेहता की मौत हो गई थी। ऐसी घटना दोबारा न हो इसे देखते हुए जिले में एनडीआरएफ की यूनिट बननी चाहिए।