-सीपी हनुमान मंदिर ट्रस्ट ने सीएम केजरीवाल को लिखा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
कनाट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर ट्रस्ट की ओर से सीएम अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर हनुमान जन्मोत्सव पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की गई है। ट्रस्ट के महासचिव महंत सुरेश ने सीएम से इस पत्र पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।
पत्र के माध्यम से कहा गया कि दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में स्थित प्राचीन सिद्ध श्रीहनुमान मंदिर दिल्ली वासियों की आस्था, भक्ति और प्रेरणा का केंद्र है। प्रत्येक मंगलवार को डेढ़-दो लाख से अधिक व प्रतिदिन हजारों भक्त यहां दर्शन करने आते हैं। उन सभी दिनों में श्रीहनुमान जन्मोत्सव का दिन विशेष होता है। इस साल छह अप्रैल को आयोजित श्रीहनुमान जन्मोत्सव पर दिल्ली भर में करीब पांच हजार से अधिक कार्यक्रम संपन्न हुए, जिसमें लाखों हनुमान भक्तों ने भाग लिया व प्रभु का आशीर्वाद लिया। इस तरह भक्तों के भाव से परिचित कराते हुए सीएम से आग्रह किया है कि दिल्ली सरकार अपनी ओर से श्रीहनुमान जन्मोत्सव के दिन पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करे।