सीएनजी वाहनों की मांग और शोरूम पर वेटिंग लिस्ट बढ़ी
- इस वर्ष अब तक 3918 वाहन हुए पंजीकृत, डिलेवरी के लिए लंबा इंतजार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सीएनजी वाहनों की बिक्री में खासा उछाल आया है। इससे शोरूमों में भी इन वाहनों की डिलेवरी के लिए वेटिंग लिस्ट बढ़ गई है। इस वर्ष अब तक 3918 सीएनजी वाहनों के पंजीकरण परिवहन कार्यालय में हुए हैं, जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है। वहीं बीते साल इतने ही समय में यह आंकड़ा 2332 था।
वित्त वर्ष 2022-23 में पंजीकृत होने वाले सीएनजी वाहनों के की संख्या 12229 है। जबकि 2021-2022 में सिर्फ 7228 सीएनजी वाहन ही पंजीकृत हुए थे। अब हालत यह है कि लोग इन वाहनों को जल्द खरीदने को अतिरिक्त पैसे तक देने के लिए तैयार हैं। टाटा के शोरूम के जीएम वीरेंद्र सिंह ने बताया कि हर दिन नए खरीदार वाहन खरीदने के लिए लिस्ट में शामिल हो रहे हैं। हालांकि ज्यादा डिमांड और कम प्रोडक्शन के चलते इन वाहनों की डिलीवरी लेने के लिए महीनों इंतजार भी करना पड़ रहा है। इनमें कार के लिए तो और अधिक वेटिंग लिस्ट है। अगर आप कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो बेहतर होगा कि इनकी डिलेवरी के वेटिंग पीरियड के बारे में जान लें।
टोयोटा शोरूम के जीएम प्रवीण शर्मा ने बताया कि सीएनजी कार खरीदने के लिए लोगों को 8 से 9 महीनों का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। ज्यादातर मध्यम वर्गीय परिवार ही सीएनजी वाहनों को खरीद रहे हैं। हालांकि पेट्रोल की गाड़ियां खरीदने पर भी लोगों को 2 से 3 महीने तक का इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि उन्होंने बताया कि कुछ कार ऐसी भी हैं जो शोरूम में उपलब्ध है।
इन कारों की डिमांड अधिक:
हुंडई ओरा
मारुति स्विफ्ट डिजायर टूर
मारुति सेलेरियो एलएक्सआई
मारुति वेगनआर
मारुति अर्टिका