माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। ऑनलाइन ऑर्डर में सामान कम आया तो परिवार ने इसपर ऐतराज जताया। इसके बाद डिलीवरी बॉय ने अपने साथियों को बुलाकर वहां जमकर हंगामा किया। इतना ही नहीं गाली-गलौज कर परिवार से अभद्रता की। पीड़ितों ने सेक्टर-39 थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
सेक्टर 41 के रहने वाले आदर्श राज ने बताया शनिवार को उनके भतीजे अश्विनी ने एक घरेलू उत्पादों को ऑर्डर किया था। कुछ देर बाद घर पर सामान डिलीवर भी हो गया। जब सामान चेक किया तो कुछ उत्पाद कम निकले। अश्विनी ने इस मामले की शिकायत डिलीवरी बॉय साकिम से की तो उसने अभद्रता की। इतना ही नहीं साकिम घर पर पहुंचा जहां पर उसने परिवार के सदस्यों से बदसलूकी की। घर में मौजूद आदर्श ने भी इसका विरोध किया तो डिलीवरी बॉय ने धमकी दी। साथ ही घर का दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया। सेक्टर 39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।