जल मंत्री ने कहा- हरियाणा नहीं दे रहा दिल्ली के हक का पानी
यमुना का जलस्तर 674 फीट से घटकर 670.3 पर आया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में पानी को लेकर दिल्ली सरकार और हरियाणा सरकार के बीच सियासत गरमा गई है। जल मंत्री आतिशी का आरोप है कि रिकॉर्ड तापमान के बीच हरियाणा सरकार दिल्ली के हिस्से के पानी में कटौती कर रही है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने पानी के हक के लिए अब सुप्रीम कोर्ट जाने का निर्णय लिया है।
बृहस्पतिवार को आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा सरकार यमुना में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ रही है। इससे दिल्ली में जल संकट गहराता जा रहा है। हालांकि, इससे निपटने के लिए सरकार ने तैयार है। सरकार ने वाटर टैंकर वार रूम बनाया है, जहां से दिल्लीवासी 1916 पर कॉल कर टैंकर मंगवा सकते हैं। पानी की बर्बादी रोकने के लिए जल बोर्ड की 200 टीमें बनाई गईं हैं। निर्माण साइटों, कार वाशिंग और कार रिपेयर सेंटर पर जल बोर्ड के पोर्टेबल पानी के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। आदेश का पालन न करने पर साइट सील की जाएगी। इधर, आतिशी ने वजीराबाद तालाब का निरीक्षण कर बताया कि यमुना का सामान्य जलस्तर 674 फीट से घटकर 670.3 फीट पर आ गया है। इससे कई इलाकों में पानी की कमी हो गई है। हरियाणा से यमुना में छोड़े जाने वाला पानी वजीराबाद, चंद्रावल व ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को मिलता है।
200 एनफोर्समेंट टीमें काटेंगी चालान
आतिशी ने बताया कि बुधवार को ही घोषणा की गई थी कि जल बोर्ड की 200 एनफोर्समेंट टीमें पानी की बर्बादी की जांच करेंगी। टीम का नेतृत्व करने के लिए एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को लगाया जा रहा है, जो पूरी दिल्ली में टीमों व काटे गए चालान पर निगरानी रखेंगे।
कंस्ट्रक्शन साइट और कार सर्विस सेंटर के पानी पर रोक
आतिशी ने बताया कि कंस्ट्रक्शन साइट पर किसी भी तरह से पोर्टेबल यानी पेयजल का इस्तेमाल करने पर पूरी तरह से बैन लगाया जा रहा है। चाहे वो वाटर टैंकर से हो, पानी की पाइप लाइन से हो या बोरवेल से हो। अगर कंस्ट्रक्शन साइट पर पोर्टेबल वाटर का इस्तेमाल किया गया तो एमसीडी इसे सील कर देगी। एमसीडी की एनफोर्समेंट टीम शुक्रवार सुबह से कंस्ट्रक्शन साइट पर जाना शुरू कर देंगी। वहीं, कार वॉशिंग और रिपेयर सेंटरों में जल बोर्ड की पाइप लाइन से पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में यहां भी रोक लगाई जा रही है। शुक्रवार से डीपीसीसी की टीमें ग्राउंड पर उतरकर कार वॉशिंग और कार रिपेयरिंग सेंटर का निरीक्षण करेंगी। अगर कहीं पर भी पेयजल का इस्तेमाल मिला तो परिसर सील कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य सचिव और जल विभाग के सीईओ छुट्टी पर : सौरभ भारद्वाज
स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में लू चल रही है। इस समय जल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की बहुत अहम भूमिका है। बिना अपने मंत्रियों को बताए और अनुमति लिए स्वास्थ्य विभाग के सचिव एसबी दीपक कुमार व जल विभाग के सीईओ अंबरासू छुट्टी पर चले गए हैं। इस बात की जानकारी ही नहीं है कि उनके छुट्टी पर जाने की क्या वजह है।