नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर दिल्ली सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि खतरनाक स्तर का प्रदूषण दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है लेकिन सरकार बेपरवाह है। भाजपा की निष्क्रियता के कारण न केवल दिल्लीवासी परेशान हैं बल्कि दुनिया के पर्यटक भी राजधानी से दूरी बना रहे हैं।
भाजपा सरकार की प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों से जनता असंतुष्ट है। रेखा गुप्ता सरकार की क्लाउड सीडिंग योजना पूरी तरह विफल रही और करोड़ों रुपये बर्बाद कर दिए गए। इसी तरह पूर्ववर्ती आप सरकार ने भी स्मॉग टावर, सुपरसाइट, बायो-डीकंपोजर और ड्रोन से मिस्ट स्प्रे जैसी नाकाम योजनाओं पर जनता का धन स्वाहा किया। 14 अक्तूबर से दिल्ली की हवा लगातार बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। पराली जलाने से प्रदूषण का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। राजधानी के 13 प्रदूषण हॉटस्पॉट पर स्थिति बेहद चिंताजनक है और विंटर एक्शन प्लान पूरी तरह फेल साबित हुआ है। प्रदूषण के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।