संजय सिंह ने कहा- पीओके कब्जाने और बलूचिस्तान अलग करने का था अवसर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आप ने युद्ध विराम की घोषणा पर सवाल उठाए हैं। रविवार को राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा की। यह भारत की संप्रभुता पर कड़ा प्रहार है, जबकि भारतीय सेना के पास पीओके को कब्जाने और बलूचिस्तान को अलग करने का बड़ा अवसर था।
उन्होंने कहा कि 78 साल से पाकिस्तान के मामले में भारत ने कभी तीसरे देश की मध्यस्थता नहीं स्वीकार की, तो फिर आज अमेरिका कहां से आ गया। भारत अपने फैसले लेने में सक्षम है। हमारी संप्रभुता, स्वाभिमान और सम्मान से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाकर पूरी घटना की जानकारी दी। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की। सेना ने पराक्रम, शौर्य और बहादुरी का परिचय देते हुए पाकिस्तान में घुसकर नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। पूरा देश भारतीय सेना के शौर्य एवं बहादुरी को नमन करता है। हमारी सेना के जवान शहादत देकर हर हमले का मुकाबला कर रहे थे।