बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव के रहने वाले 25 वर्षीय युवक देवेंद्र चौहान की नागपुर (महाराष्ट्र) में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह दर्दनाक घटना 2 अक्तूबर को दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ। जब एक मामूली कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही एंबुलेंस से शव गांव पहुंचा, पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
देवेंद्र चौहान नागपुर में रहकर एल्युमिनियम का काम करता था। वह करीब 20 दिन पहले पासपोर्ट बनवाने के सिलसिले में घर आया था और इसके बाद वापस नागपुर चला गया था। 2 अक्तूबर को वह सड़क किनारे खड़े होकर दुर्गा पूजा का विसर्जन देख रहा था, तभी तीन युवकों से मामूली धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बात बढ़ गई और एक युवक ने चाकू से उस पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर देवेंद्र के मित्र दुर्गेश चौहान निवासी खरहटी, गंभीरपुर ने नागपुर पुलिस में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है। शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे जब देवेंद्र का शव गांव पहुंचा, तो पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। देवेंद्र परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था।