स्ट्रीट लाइट न होने से बढ़ा खतरा, रात में बाजार बंद होने कारण भी नहीं रहते रोशनी के अन्य स्रोत
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। रात के समय यात्रा करना वैसे ही दिन के मुकाबले अधिक कठिन होता है, लेकिन जब सड़क पर स्ट्रीट लाइट न हों तो परेशानी और बढ़ जाती है। रबूपुरा से 60 मीटर रोड को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं, जिससे रात के समय पूरे रास्ते पर अंधेरा हो जाता है।
रबूपूरा से 60 मीटर सड़क पर दिन ढलने के बाद जाना जोखिम भरा है। रबूपुरा बाजार और आसपास की अधिकांश दुकानें बंद हो जाती हैं, जिसके कारण सड़क पर रोशनी के अन्य स्रोत भी नहीं रहते। ऐसे में लोगों को अंधेरे में ही सफर करना पड़ता है। सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होने के कारण कई बार छोटे-बड़े सड़क हादसे भी हो चुके हैं। अंधेरे की वजह से सड़क पर मौजूद गड्ढे, आवारा पशु या अचानक सामने आने वाले वाहन समय रहते दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और रात में काम से आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।