- जन्माष्टमी की सुबह स्कूटी से घर लौटते वक्त धूम मानिकपुर गांव के पास हुआ हादसा, गर्दन बचाने के चक्कर में हाथ भी कटा, चार टांके आए
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में धूम मानिकपुर गांव के पास जीटी रोड पर पतंग के मांझे से डेयरी संचालक की गर्दन कट गई। गर्दन बचाने के चक्कर में मांझे से हाथ भी कट गया। बुरी तरह जख्मी जीतेंद्र नागर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गर्दन में 25 और हाथ में चार टांके लगे हैं। डॉक्टरों ने अभी बोलने से मना किया है।
अच्छेजा गांव निवासी जितेंद्र नागर की दादरी में दूध डेयरी है। वह भाजपा नेता हातम सिंह के भतीजे हैं। जन्माष्टमी की सुबह करीब 10:30 बजे वह स्कूटी से गांव जा रहे थे। जीटी रोड पर बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के धूम मानिकपुर गांव के पास मांझे की चपेट में आ गए। किसी तरह उन्होंने मांझे को गले से निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि पहले उन्हें गला कटने का पता नहीं चला। कुछ दूर जाने के बाद खून देखकर उन्होंने स्कूटी रोकी। मांझे को निकालने के चक्कर में हाथ भी जख्मी हो गया।
हाथ और गर्दन से खून निकलता देखकर आसपास के लोग रुक गए। राहगीरों ने उन्हें पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां से दूसरे अस्पताल भेज दिया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी वहां पहुंच गए। उनकी गर्दन में 25 और हाथ में 4 टांके आए है। इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया। वहीं सोमवार को बादलपुर कोतवाली पुलिस भी जानकारी लेने घर पहुंची।