तावडू। शहर में दबंगों ने राजस्व क्षेत्र के अंतर्गत सरकारी रास्तों को जेसीबी मशीन से खुदवाकर अवरुद्ध कर दिया। रास्ते की गहरी खुदाई से हादसों का डर है तो वहीं राहगीरों का आवागमन भी बाधित हो गया है। आरोप है कि अवैध रूप से मिट्टी बेचने के दौरान यह खुदाई की गई है। परेशान लोगों ने सदर थाना पुलिस को शिकायत देकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शिकायतकर्ता भाजलाका निवासी असगर व पीड़ित किसान, सगीर, ईशा, हिदायत, आमीन, जगरूप खुर्शीद, हिदायत व आमीन सहित आदि लोगों ने बताया कि तावडू-नूंह रोड पर तालाब के नजदीक लगभग 16.5 फिट और 11 फिट के दो रास्ते हैं। इन रास्तों पर गांव चीला, भाजलाका सहित आसपास के किसानों की भूमि है। ग्रामीणों का आरोप है कि चीला निवासी कुछ दबंग किस्म के लोगों ने इन दोनों रास्तों को लगभग 15 फिट गहरा खुदवा दिया है। रास्ते की खुदाई के कारण राहगीरों का आवागमन बाधित हो गया है। गहरी खुदाई से हादसे का भी डर बना हुआ है। किसानों ने बताया कि बरसात के मौसम में रास्ते में भारी जलभराव की समस्या भी हो जाएगी। राहगीरों व अन्य लोगों के एतराज जताने पर भाजलाका और चीला गांव के लोगों की एक पंचायत हुई, जिसमें रास्ते की पैमाइश कराने का निर्णय लिया गया। गत 11 दिसंबर को रास्ते की पैमाइश करा दी गई। आरोप है कि दबंगों ने पैमाइश के बावजूद भी रात में फिर से खुदाई करवा दी। पीड़ित असगर ने बताया कि जब वह दोबारा एतराज जताने पहुंचे तो दबंगों ने उन्हें धमकी देकर भगा दिया। उन्होंने बताया कि रास्ते के साथ इन लोगों की भी भूमि है, जिसमें वह हर रोज रात में अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई कर डंपरों में भरकर बेचते हैं। सरकारी रास्तों की खुदाई व अवैध रूप मिट्टी बेचने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी अपनी मशीनों को लेकर वहां से भाग गए। पीड़ित असगर ने रविवार को पुलिस को शिकायत देकर रास्तों में मिट्टी डलवाने की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।