डिजिटल अरेस्ट कर 1.70 करोड़ की ठगी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
- वाणिज्य मंत्रालय के सेवानिवृत अधिकारी से की थी ठगी, 17.48 लाख कराए फ्रीज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। वाणिज्य मंत्रालय के सेवानिवृत्त अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर 1.70 करोड़ की ठगी करने के मामले में साइबर थाने की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खातों में 17.48 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं। पुलिस इस गिरोह के अन्य जालसाजों की तलाश कर रही है।
सेक्टर 62 निवासी एक बुजुर्ग वाणिज्य मंत्रालय के सेवानिवृत अधिकारी हैं। इनके पास नौ सितंबर को एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। उसने कहा कि आपके नाम से लिए गए नंबर से लोगों को फोन कर परेशान किया जा रहा है। इस मामले में मुंबई में मुकदमा दर्ज है। इसके बाद मनी लॉड्रिंग केस में भी शामिल होना बताया। इसके बाद जालसाजों ने बुजुर्ग को सात दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा और 1.70 करोड़ रुपये की ठगी कर ली थी।
एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल का कहना है कि इस मामले में जांच के बाद गाजियाबाद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनकी पहचान बिहार के जिला मधेपुरा के प्रिंस कुमार, दरभंगा के विद्यासागर यादव और जिला मुजफ्फरपुर के अवनीश कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों के बैंक खातों में केस से संबंधित रकम आई थी। घटना में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के खिलाफ एनसीआरपी पर विभिन्न राज्यों में छह शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने 17 लाख 48 हजार रुपये की रकम को फ्रीज भी कराया है।