उम्र की दहलीज 50 के पार, खेलने का जज्बा बरकरार
- खाली समय में शौकिया खेलना किया शुरू, जीत की ललक ने बना दिया पेशेवर खिलाड़ी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। लंबे समय तक नौकरीपेशा जिंदगी गुजारने के बाद खेल के मैदान में वापसी चुनौतीपूर्ण है। सेक्टर-21ए नोएडा स्टेडियम में चल रही एडी मेमोरियल पिकलबॉल टूर्नामेंट में 50 की उम्र पार कर चुके कुछ ऐसे ही खिलाड़ियों का जज्बा देखने लायक है। इन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक अपने नाम किए।
ग्रेनो वेस्ट निवासी 62 वर्षीय खिलाड़ी सुरेश सिंह बताते हैं कि उन्होंने पिछले साल शहर के निजी स्कूल में पिकलबॉल खेलते हुए देखा था। कॉलेज के समय वह टेनिस के अच्छे खिलाड़ी थे। नौकरी में आने के बाद बैडमिंटन खेलना शुरू किया। सेवानिवृत्त होने के बाद बैडमिंटन और टेनिस मिश्रित पिकलबॉल खेलना शुरू कर दिया। पिछले साल दिल्ली के सिरी फोर्ट मेें पिकलबॉल चैंपियनशिप में कांस्य, राघव स्कूल में रजत पदक और नोएडा स्टेडियम में टूर्नामेंट के सिंगल में कांस्य पदक जीत चुके हैं।
वहीं, सेक्टर-120 स्थित जोडियक सोसाइटी निवासी पीएस बिष्ट बताते हैं कि उनकी सोसाइटी में पिछले साल उत्तर प्रदेश पिकलबॉल एसोसिएशन ने एक कैंप लगाया था। कैंप में बेहतर प्रदर्शन के बाद उन्होंने इसे ज्वाइन किया और खेलना शुरू किया। उन्होंने दिसंबर में गुजरात में नेशनल पिकलबॉल, यूपी की प्रदेश स्तरीय, फरवरी में सिरी फोर्ट और मई में गुरुग्राम में आयोजित पिकलबॉल प्रतियोगिता में कई पदक अपने नाम किए। वह एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे।