आजमगढ़। डीएम रविंद्र कुमार ने सोमवार को तहसील सदर के हैदराबाद में धान की उपज का सर्वे कराने के लिए फसली वर्ष 1433 के अंतर्गत 43.3 वर्ग मीटर के दो प्लाट में क्रॉप कटिंग कराई। क्रॉप कटिंग के बाद एक गाटा से 14.845 किग्रा और दूसरे गाटा से 15.875 किग्रा धान की उपज प्राप्त हुई।
डीएम ने कहा कि क्रॉप कटिंग के आधार पर पहले और दूसरे प्लाट में क्रमशः लगभग 34.14 व 36.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के अनुसार धान की उपज प्राप्त होगी। किसानों से फसलों के उत्पादन के संबंध में भी जानकारी लिया। डीएम ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों से प्राप्त क्रॉप कटिंग प्रयोगों के इन आंकड़ों का प्रयोग कृषि निदेशालय द्वारा फसलों की उत्पादकता का आंकलन करने के लिए किया जाता है। फसलों के इन्हीं आंकड़ों के आधार पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा कम्पनियां, बीमित फसलों के हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति का ऑकलन करती हैं। इस मौके पर जिला समन्वयक सोहित यादव, कुन्दन जायसवाल, मिथिलेश यादव आदि मौजूद थे।