कोतवाली दादरी क्षेत्र में जांच अभियान के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहा था आरोपी
आमका रोड ईदगाह निवासी शाकिर के रूप में हुई पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। जांच के दौरान चकमा देकर भाग रहे बाइक सवार बदमाश को पुलिस ने घेरा लिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और 2400 रुपये बरामद हुए हैं। मामला कोतवाली दादरी क्षेत्र का है। बदमाश की पहचान आमका रोड ईदगाह निवासी शाकिर के रूप में हुई है।
बिसाहड़ा रोड स्थित दुर्गा विशाल मंदिर के पास जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। आरोपी को एक निजी कॉलेज के पास घेरने की कोशिश की गई, लेकिन रात का फायदा उठाकर वह नई बस्ती की ओर निकल गया। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई और वह गिर पड़ा। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
एसीपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि घायल को अस्पताल भेजा गया है। पूछताछ में उसने चार अप्रैल की रात एक निजी कॉलेज के सामने लूट को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है।