ग्रेटर नोएडा पुलिस ने अनिल दुजाना के पिता व भाई समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार को उसके घर पर पुलिस ने दबिश दी थी। वहां से भारी मात्रा में असलहे बरामद किए गए। इस बीच दुजाना के परिजनों और समर्थकों से पुलिस की झड़प भी हुई।
समर्थकों ने पुलिस पर पथराव कर उनकी दो गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। हमले में दो कांस्टेबल भी घायल हो गए। पुलिस ने आठ गाड़ियों को जब्त कर अवैध असलहे के साथ टेंट, कुर्सियां समेत तीन ट्रक सामान जब्त किए हैं। मौके पर अर्धसैनिक बलों को तैनात कर दिया गया है।
वार्ड नंबर दो से अनिल दुजाना ने जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन किया है। इसी वार्ड से उसके पिता चतरू सिंह, भाई ओमप्रकाश और भाभी अनीता ने भी अलग-अलग श्रेणियों में नामांकन किया है। इसी वार्ड से मोनू नागर और संग्राम सिंह ने भी नामांकन किया है।
गांव में हथियार लहराते हुए चुनाव प्रचार की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी के नेतृत्व में बादलपुर पुलिस ने दबिश डाली। इस दौरान रास्ते में ही पुलिस ने दुजाना के समर्थकों से चार पिस्टल, दो राइफल, तमंचे और आठ गाड़ियों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिसमें अनिल दुजाना के पिता चतरू सिंह, भाई ओम प्रकाश हैं। इसके अलावा सुत्याना निवासी नरेश, रविंद्र व विरेंद्र सिंह निवासी बुलंदशहर, सुनपुरा निवासी मदन, बादलपुर निवासी टीटू नागर और सिहानी गेट गाजियाबाद निवासी अनिल कुमार उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद आक्रोशित समर्थक और ग्रामीणों ने बादलपुर कोतवाली पर हंगामा किया। ग्रामीण सभी आरोपियों की रिहाई की मांग कर रहे थे। ग्रामीण चुनाव प्रचार कर रहे लोगों को छोड़ने की मांग कर रहे थे। राव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।
आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट
मौके पर असलहे मिलना, घर के बाहर खाने के इंतजाम को आचार संहिता का उल्लंघन माना जा रहा है। ग्रेनो पुलिस जल्द ही जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजेगी।