हथियारबंद बदमाशों ने कंपनी से मैनेजर को किया अगवा
नोएडा। कार सवार छह बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात सेक्टर-63 में कंपनी के अंदर घुसकर आईटी कंपनी के मैनेजर का अपहरण कर लिया। घटना के वक्त कंपनी में अन्य लोग भी काम कर रहे थे। इसके बाद बदमाश मैनेजर को दिल्ली-नोएडा घुमाते रहे और मैनेजर के घर पर फोन कर 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। इसके बाद नोएडा व दिल्ली पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया तो अपहरणकर्ता तड़के साढ़े चार बजे मैनेजर को एम्स के पास छोड़कर फरार हो गए।
क्षेत्राधिकारी द्वितीय पीयूष सिंह ने बताया कि सेक्टर-63 के डी ब्लॉक में एक आईटी कंपनी है। दादरी निवासी पारितोष कंपनी में मैनेजर हैं। कंपनी में चौबीस घंटे काम होता है। बृहस्पतिवार रात 12 बजे मैनेजर और दो दर्जन से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। इस बीच दो कारों में सवार छह हथियारबंद बदमाश कंपनी के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने सभी को गन प्वाइंट पर ले लिया और मैनेजर का सरेआम अपहरण कर लिया। जैसे ही बदमाश मैनेजर को लेकर भागे तो इधर कंपनी की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने परितोष की मोबाइल लोकेशन के आधार पर बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। तब तक बदमाश मैनेजर के मोबाइल से ही उनके घरवालों से 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग चुके थे। इसके बाद नोएडा व दिल्ली पुलिस की टीम बदमाशों का पीछा करने लगी तो बदमाश को भनक लग गई। बदमाश मैनेजर को कार में बंधक बनाकर डीएनडी रोड से दिल्ली की तरफ ले गए। फिर आरोपियों ने दूसरे मैनेजर वैभव बंसल के पास फोन करके दस लाख रुपये मांगे। आरोपियों ने पहले फिरौती की रकम दिल्ली के दरियागंज में मंगाई। इसके बाद पारितोष को लेकर पहाड़गंज पहुंच गए और फिरौती के पैसे मंगाए, लेकिन यहां भी आरोपियों को पुलिस से पकड़े जाने का शक था। जब बदमाशों को पता चला कि पुलिस उनके करीब पहुंच गई है तो तड़के साढ़े चार बजे मैनेजर को एम्स के सामने छोड़कर फरार हो गए।
---------------
अपहृत मैनेजर को सकुशल बरामद कर लिया गया है। कोई फिरौती की रकम नहीं दी गई है। इस मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश जारी है।
- पीयूष सिंह, क्षेत्राधिकारी