एटीएम हैकरों की गैंग का पर्दाफाश
-अलीगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों में एक नूंह का
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल/अलीगढ़। एटीएम केबिनों में घुसकर उन्हें हैक करने के बाद उपभोक्ताओं से मदद के नाम पर फ्रॉड करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के चार सदस्य अलीगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद सक्रिय हुई पलवल पुलिस अब उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करेगी। आरोपियों में से तीन पलवल और एक नूंह जिले का है। इनके कब्जे से 83 एटीएम कार्ड के अलावा नशीला पदार्थ, एक कार आदि सामान बरामद हुआ है। ये सभी पलवल में बैठे गिरोह के सरगना से प्रशिक्षण लेकर अलग-अलग इलाकों में वारदात करने जाते थे।
पलवल पुलिस के अनुसार अलीगढ़ में शमशाद मार्केट स्थित देना बैंक के पास से बहीन थाना के रनियाला निवासी इरफात पुत्र मजरूद्दीन, साजिद पुत्र हारून,नसीम उर्फ कांडा पुत्र खुर्शीद और नूंह के नगीना निवासी इरफान पुत्र अकबर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में स्वीकारा किया कि वे यूपी के अलावा दिल्ली, मानेसर, गुरुग्राम, भिवाड़ी, हैदराबाद, बंगलूरू, जयपुर आदि स्थानों पर एटीएम कार्ड बदलकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी व कार्ड और रुपये चोरी की की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।़ पुलिस जल्द ही गिरफ्तार किए गए बदमाशों को पलवल लेकर आएगी।