सड़क हादसे में एक की मौत, चार गंभीर
होडल-नगीना रोड पर गांव लाहबास के नजदीक सवारियों से भरे तीन पहिया वाहन और स्कूटी की आमने सामने से टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान पुन्हाना निवासी इशहाक के रूप में हुई है। इशहाक अपने गांव काटपुरी जा रहा था।
इसके अलावा तीन पहिया में बैठे वासिक, फकीर चंद, एक महिला और स्कूटी चालक सहित चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को मांडीखेड़ा के अल-आफिया अस्पताल ले जाया गया है। उधर, लोगों का आरोप है कि करीब आधा घंटे से ज्यादा समय बीत जाने पर भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जबकि घटना स्थल से थाना मात्र एक किमी दूर है।
वहीं, थाना प्रभारी जयचंद ने बताया कि जैसी ही सूचना मिली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने तीन पहिया चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।