गैस एजेंसी के गोदाम में लूट की कोशिश
हथियारबंद बदमाशों ने सेल्समैन को पीटा
पुलिस को फोन करने पर बदमाश मौके से फरार
पुलिस मारपीट का मामला बताकर जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। चिटहेरा गांव में गैस एजेंसी के गोदाम में शुक्रवार शाम को लूटपाट करने आए पांच बदमाशों ने एक सेल्समैन को पीट-पीटकर घायल कर दिया। पुलिस को फोन करने पर बदमाश नकदी लूटे बिना ही मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने दादरी कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामला मारपीट का बता रही है।
पुलिस ने बताया कि दादरी कोतवाली क्षेत्र के चिटहेरा गांव में भाजपा नेता और पूर्व प्रधान विजय गौतम की गैस एजेंसी है। रोज की तरह शुक्रवार देर शाम सभी सेल्समैन से नकदी कलेक्शन एकत्र किया जा रहा था, तभी बाइक सवार 5 बदमाश डंडों से लैस होकर आए और जबरन ऑफिस में घुस गए। आरोप है कि बदमाश गोदाम में सेल्समैन पारूल से नकदी लूटने लगे, लेकिन उसके विरोध करने पर मारपीट करना शुरू कर दिया। डंडों से पीटकर सेल्समैन को घायल कर दिया। ऑफिस से पुलिस को कॉल करने पर बदमाश नकदी लूटे बिना मौके से फरार हो गए।
गैस गोदाम के प्रबंधक मनीष गौतम ने बताया कि तीन बदमाशों की पहचान कर ली गई है। गौरतलब है कि एक साल पहले भी हथियारबंद बदमाशों ने हमला करके 40 हजार की नकदी लूट ली थी।
दादरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।